Wednesday, April 9, 2014

मेरे सामने कुछ सवाल हैं भाग -1

मेरे सामने कुछ सवाल है। टीवी के न्यूज चैनलों का आम दर्शक होते हुए भी मेरे मन में कुछ सवाल उठ रहे हैं ये एक गुस्ताखी तो है पर क्या करूं ?
प्रधानमंत्री पद के स्वघोषित और स्वविजयी प्रत्याशी कहते हैं कि देश आजादी के बाद बर्बाद हो गया। आजादी से पहले हमारे अंग्रेज मालिक बढि़या विकास कर रहे थे। इसीलिए ये लोग स्वतंत्रता संग्राम के बजाय अंग्रेजों के साथ थे। आजादी होते ही विकास पूरी तरह रूक गया। इसका मतलब यह हुआ कि हम आज जैसे हैं वैसे ही सन् 1947 में थे। मुझे ऐसा लगता नहीं पर शायद यही सच होगा। सन् 98 से सन् 2004 तक कांग्रेस के अलावा कोई दूसरी दैवीय सरकार थी शायद इन्हीं 6 सालों में ये जो कुछ भी बदलाव हुआ दिखता है वो हो गया हो। पर यदि ये बहुत अच्छा और अनुकरणीय था तो ये दैवीय सरकार दोबारा क्यों नहीं आई ? क्या वोटर पाकिस्तान से आकर इनके विरोध में मत डालकर भाग गये ?
आजादी के बाद से कांग्रेस की सरकार रही जिसने देश का विकास नहीं होने दिया। पर क्या आजादी के बाद चुनाव नहीं हुए। क्या ये सरकार साठ साल तक बिना चुनाव के सत्ता पर बैठी रही ? मगर चुनाव तो हुए तो फिर वोट किसने डाले ? प्यारे बहनो और भाइयों ने ही वोट डाले और विकास विरोधी सरकार को जिताया। बहुत बार तो ऐसा जिताया कि रिकाॅर्ड बन गया। फिर ये सरकार की गलती है या प्यारे भाइयो और बहनों की जिन्होंने कांग्रेस की सरकार को बार बार जिताया।
कांग्रेस ने घोषणा पत्र जारी कर दिया। आपने तो नहीं किया। कांग्रेस का घोषणा पत्र तो एक धोखा है। मगर आप तो सम्पूर्ण धोखा हैं। आपका घोषणा पत्र क्या है ?
कांग्रेस वोट बैंक की राजनीति करती है। आप काहे की राजनीति करते हैं ? आपको वोटों के बैंक से परहेज है ? क्या आप वोटों के बिना जीत जाएंगे ? कांग्रेस चाहती है कि उसे मुसलमानों के वोट पूरे मिल जाएं तो आप भी तो चाहते हैं कि आपको हिन्दुओं के पूरे वोट मिल जाएं। आप भी तो धर्मसंसद, राममंदिर, विश्व हिन्दु परिषद, बजरंग दल के नाम पर हिन्दू वोट बैंक को ही तो भरने में जुटे हैं। बाॅल तो आप भी वही खेल रहे हैं फर्क इतना है कि आप दूसरे सिरे एन्ड पर खड़े हैं।
कांग्रेस और भाजपा दोनों का एकदूसरे पर आरोप है कि वे सत्ता के भूखे हैं। वे स्वयं संत और निर्मोही हैं और दूसरा सत्ता की राजनीति कर रहा है। चुनाव जीतने पर क्या होगा ? क्या आप सत्ता स्वीकार नहीं करेंगे। क्या आप कहेंगे कि हम चुनाव जीत गये तो क्या हुआ पर हम सत्ता के भूखे नहीं हैं। हम सत्ता हारे हुओं को सौंपते हैं।
कांग्रेस सरकार ने पेट्रोल और डीजल के दाम बढा दिये। आप जब सत्ता में आएंगे तो क्या करेंगे ? क्या दाम घटाएंगे ? कितने घटाएंगे ? क्या आपकी सरकार पेट्रोल के दाम 10 या 20 रूपये लीटर कर देगी। आखिर क्या भाव होगा ? क्या दामों का संबंध अंतर्राट्रीय बाजार से नहीं होगा ?
खाद के दाम क्या होंगे? कितने घटाएंगे ? कितने रूपये बोरी खाद मिलेगी।
अनाज के दाम बहुत ज्यादा हैं। आप क्या कर देंगे ? आपकी सरकार गेहूं चावल दाल तेल नमक किस दाम पर उपलब्ध करायेगी ? क्या ये दाम आपकी सरकार रहने तक 5 साल तक स्थिर रहेंगे ? किसानों को क्या मूल्य मिलेगा ? किसानों को ज्यादा मूल्य देंगे तो जनता को वही अनाज कम पैसे में कैसे देंगे जरा समझाएं। कांग्रेस की सरकार तो बहुत खराब रही आपकी अच्छी सरकार क्या करने वाली है स्पष्ट बताएं ?
  राट्रीय स्वयंसेवक संघ ने कहा है कि हर हिन्दू को पांच बच्चे पैदा करना चाहिए। बिलकुल सही है। क्या संघ अपने हर कार्यकर्ता से इसके लिए शपथ पत्र भरवा रहा है ? उन हिन्दुओं को क्या सजा मिलेगी जिनने अपनी पत्नियों को छोड़ दिया है या शादी ही नहीं की। संध की जनसंख्या नीति क्या है ? भारत की जनसंख्या जरूरत से ज्यादा है, कम है या ठीक है।
कांग्रेस की सरकार आतंकवादियों से डरती है। आपकी नहीं डरेगी। आप सत्ता पर आते ही क्या करेंगे ? पाकिस्तान पर हमला कर देंगे? बंगला देश को मिटा देंगे ? कश्मीरी पंडित पहले भी कश्मीर से बाहर थे, 2004 तक आपकी सरकार थी तब भी कश्मीर से बाहर थे आज भी बाहर हैं। आप उनके लिए क्या करेंगे ? क्या आपके नेतृत्व में सभी कश्मीरी पंडित कश्मीर में जाकर बस जाएंगे। साफ साफ बताएं धारा 370 का आप क्या करेंगे ? क्या उसे मिटा देंगे ? सत्ता में आने के कितने दिन के अंदर ?
क्या आपको याद है कि आपके रक्षा मंत्री कश्मीर में आपकी जेलों में बंद आतंकवादियों को कंधार सुरक्षित पंहुचा कर आए थे ? क्या कहना है हिन्दू वीर ? उन्हें खत्म क्यों नहीं कर दिया ? उनको बिरयानी तो आप भी खिलाते रहे।
कारगिल की लड़ाई के बाद लाहौर बस लेकर कौन शांति वार्ता करने गया था। मुशर्रफ को आगरा बुलाकर बिरयानी कौन खिला रहा था। चीन से संबंध सुधारने की पहल किसने की थी ? पाकिस्तान, बंगला देश और चीन से दुश्मनी की बातें करना और दोस्ती का हाथ बढ़ाना इनमें से कौन सी चाल आप आगे चलेंगे ? आपकी विदेश नीति क्या है ?
अमेरिका को आप क्या मानते हैं ? दुश्मन या दोस्त ? अमेरिकी सरकार से आप कैसे संबंध रखेंगे ?
भारत में दवाइयां हजारों प्रतिशत मुनाफे में बेची जा रही हैं। आप क्या करेंगे ? क्या दवाओं की प्यारी प्यारी देशी विदेशी कंपनियांे  के अंधाधुध दामों पर प्रतिबंध लगाएंगे ? कितने दिनों में ?
साठ सालों में देश बरबाद हो गया पर सन् 1947 में देश में कितने स्कूटर, कितनी मोटर साइकिलें और कितनी कारें थीं ? अब कितनी हैं ? करोड़ों में। कितने कम्प्यूटर थे ? कितने लड़के लड़कियां विदेशों में नौकरी करते थे ? कितने विदेशों में पढ़ते थे ? कितने मोबाइल और कितने टी वी थे। कितने न्यूज चैनल थे।
मेरा कहना है कि झूठ बोलो। जम कर बोलो। राजनीतिज्ञ हो। मगर किसके सामने बोल रहे हो। अभी तो तुमने केवल विरोधी की निंदा की है। विकास के नाम पर क्या करोगे ये भी तो बताओ। अभी तो तुम घोषणापत्र ही नहीं बना पाये।  02 04 2014

No comments: